मैनपुरी। मैनपुरी बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को एसपी से मिला। एसपी को ज्ञापन देकर मांग की कि एसोसिएशन के सदस्य प्रदीप कुमार सागर के खिलाफ कोतवाली में दी गई तहरीर पर पुलिस निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई करे।
मैनपुरी बार एसोसिएशन के सदस्य प्रदीप सागर और उनकी पत्नी के साथ बुधवार को पड़ोस में रहने वाले एक परिवार ने अभद्रता करके घर में घुसकर हमला किया। बाद में वकील के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी। बृहस्पतिवार को वकील ने इसकी जानकारी दीवानी पहुंचकर अपने साथियों को दी। इससे वकीलों में आक्रोश फैल गया। वकीलों का प्रतिनिधि मंडल एसोसिएशन के सचिव संतोष यादव राजू के नेतृत्व में एसपी से मिला।
प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मांग की कि वकील के खिलाफ कोतवाली में दी गई तहरीर पर कोतवाली पुलिस से निष्पक्ष जांच कराई जाए। निष्पक्ष जांच करने के बाद ही पुलिस कोई कार्रवाई करे। ताकि वकील और उसके परिवार का उत्पीड़न न हो सके। इस मौके पर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवकुमार यादव, उपाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा, पवन कुमार मिश्रा, विनीत कुमार निगम, ब्रजेंद्र सिंह यादव, विश्व विमोहन उर्फ जीतू राजपूत मौजूद रहे।