कासगंज। ग्रामीण क्षेत्रों की साफ-सफाई रखने के लिए ग्राम पंचायतों में अब दिन में दो बार सफाई करनी होगी। कर्मी के कार्य पर पूरी नजर रखी जाएगी। यदि ग्राम प्रधान कर्मी की उपस्थिति की गलत रिपोर्ट देंगे तो उनके खिलाफ भी कार्यवाही होगी। शासन के द्वारा ग्राम पंचायतों की सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती की व्यवस्था है। इसके बाद भी ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था की स्थिति काफी खराब है। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मी दो शिफ्टों में सफाई का कार्य करेंगे।
सफाई कर्मी के वेतन का आहरण एवं वितरण ग्राम प्रधान की उपस्थिति रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। यदि कोई ग्राम प्रधान किसी भी सफाई कर्मी की उपस्थिति का गलत प्रमाण पत्र देगा तो उस पर कार्यवाही होगी। इसके साथ ही गांव के अलग-अलग क्षेत्रों के 10 घरों से दैनिक सफाई का फीड बैक भी लिया जाएगा। यदि किसी ग्राम पंचायत का कोई सफाई कर्मी अवकाश पर रहता है तो इसकी सूचना पर्यवेक्षीय अधिकारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत को देगा, जिससे वे अन्य राजस्व ग्राम से सफाई कर्मी भेजकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।