कासगंज। मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से बातचीत के दौरान पालिकाध्यक्ष के लिए अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना सोरों नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को महंगा साबित हुआ है। पालिकाध्यक्ष की शिकायत पर शासन ने ईओ को निलंबित कर दिया है। उन्हें लखनऊ निदेशालय से संबद्ध कर दिया है।
मामला 10 दिसंबर का है। एक कॉलर और सोरों पालिका के ईओ के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। इसमें ईओ पालिकाध्यक्ष के लिए अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। ऑडियो वायरल होने के बाद पालिकाध्यक्ष ने इसकी सीडी तैयार कराकर साक्ष्यों सहित शिकायत शासन से की। शिकायत पर शासन ने ईओ संतराम सरोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निदेशालय से संबद्ध कर लिया है। जिला प्रशासन को शासन स्तर से पत्र भी मिल गया है।