खेरागढ़ - फ़ोटो शनिवार को गोदाम में पकड़े गए सरकारी राशन की जांच करते हुए आपूर्ति निरीक्षक सुम
खेरागढ़। सरकार से गरीबों को वितरित होने वाले राशन के अनाज की कालाबाजारी करने वाले नरेश गोयल निवासी कस्बा खेरागढ़ को शनिवार सुबह गोदाम पर छापे के दौरान पुलिस ने चावल से भरी गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। आपूर्ति निरीक्षक खेरागढ़ सुमलिका सक्सेना ने शनिवार देर रात थाना खेरागढ़ पर तहरीर दी। पुलिस ने कालाबाजारी एवं संगठित अपराध करने की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। जिला आपूर्ति अधिकारी रविवार को खेरागढ़ पहुंचे और आपूर्ति निरीक्षक से मामले की जानकारी ली और राशन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामला शनिवार सुबह करीब दस बजे कस्बा के सैंया रोड स्थित दुकानों से अभियुक्त नरेश गोयल गाड़ी में सरकारी चावल (राशन) के कट्टों को लाद रहा था। तभी खेरागढ़ पुलिस ने छापेमारी करते हुए गाड़ी में चावल के साथ नरेश गोयल को पकड़ लिया। वहीं, चालक हरेश एवं मोहन मित्तल निवासी खेरागढ़ भागने में सफल हो गए। पुलिस की सूचना पर पहुंचे आपूर्ति एआरओ सूर्यप्रकाश पाठक, आपूर्ति निरीक्षक अमरनाथ मौर्या और सुमलिका सक्सेना ने सरकारी चावल होने की पुष्टि कर दी। गोदाम एवं गाड़ी से करीब 50 क्विंटल चावल, गेहूं, बाजरा बरामद किया गया। मामले में नरेश, हरेश व मोहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वर्जन.....
बीते 6 माह में जिले के विभिन्न थानों में राशन कालाबाजारी करने पर 18 केस दर्ज कराए गए हैं। पेशेवर कालाबाजारी करने वालों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई हेतु शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
- आनंद कुमार सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी