मिट्टी खनन कर रहे पांच आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में खनन माफिया लगातार अवैध खनन को अंजाम दे रहे थे। इसकी शिकायत पर बीती रात खनन अधिकारी शिव सिंह, इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने पुलिसकर्मियों के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने जींगन-ओछा रोड पर लखौरा गांव क्षेत्र में खेत में हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस को देखकर खनन माफिया भागने लगे।
इस पर पुलिस ने मौके से पंकज पांडे, निवासी हरसिंहपुर, थाना जसरथपुर, जनपद एटा, हिमांशु निवासी ग्राम देवी नगर, नितिन चौहान निवासी शिवनगर कुरावली, प्रमोद निवासी मोहल्ला कुंवरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जेसीबी स्वामी शिव कुमार चौहान निवासी मोहल्ला कुंवरपुर सहित तीन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़ी गई जेसीबी तथा तीन ट्रैक्टर को सीज कर दिया है।
क्षेत्र में दिन-रात हो रहा अवैध खनन
क्षेत्र में दिन रात खनन माफियाओं द्वारा प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। शाम ढले ही जेसीबी मिट्टी का अवैध खनन करना शुरू कर देती है। इन पर विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।