महिला पर हुए तेजाब हमले के बाद अस्पताल में परिजन
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जनपद के पचोखरा थाना क्षेत्र के नगला दया में खेत से घर पर जा रही महिला पर अज्ञात लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को जिला अस्पताल लाया गया है। महिला का मेडिकल करने वाले चिकित्सक का कहना है कि ज्वलनशील पदार्थ तेजाब है।
नगला दया निवासी रूबी पत्नी अमर सिंह अपनी सास सरोज के साथ खेत पर पानी लगा रही थी। रात करीब पौने 10 बजे पानी लगाने के बाद सास सरोज खेत पर रुक गई थीं। रात होने के कारण रूबी घर आ रही थी। खेत से कुछ दूरी पर ही रूबी पहुंची थी तभी उसके चीखने की आवाज आई तो खेत पर काम कर रही सरोज रूबी की तरफ दौड़ी।
सरोज का कहना है कि रूबी दर्द से छटपटा रही थी। सरोज का कहना है कि रूबी के ऊपर तीन लोगों ने कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंका है। आरोप है उसके ऊपर तेजाब फेंका है। इस ज्वलनशील पदार्थ को फेंक कर लोग भाग गए। आसपास खेत पर काम कर रहे ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, पुलिस रूबी को जिला अस्पताल लेकर आई है।
ये भी पढ़ें- प्रेमिका बना रही थी खाना तभी पहुंचा प्रेमी, जासूसी करते पत्नी भी पहुंच गई घर, फिर हुआ कुछ ऐसा...
महिला का डॉक्टरी परीक्षण करने वाले चिकित्सक आरपी सिंह का कहना है कि महिला के ऊपर तेजाब फेंका गया है, जिससे महिला झुलस गई है। पचोखरा के थाना प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि महिला का पति, जेठ और भाई गांव की ही एक युवती पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के आरोप में इस समय जेल में है। महिला पर कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया है इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।