फिरोजाबाद में लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला आरोपी सोमवार को परिजन और ग्रामीणों के साथ गले में तख्ती डालकर बसई मोहम्मदपुर थाने पहुंचा। थानाध्यक्ष के सामने अपराध की दुनिया से नाता न रखने की बात कहते हुए इंसानियत के रास्ते पर चलने की बात कही। उसने पुलिस से कहा कि वह अब कोई अपराध नहीं करेगा। इस पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव बिलहना निवासी धर्मेंद्र कुमार पर जिले के विभिन्न स्थानों में लूट और चोरी के करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जमानत पर चल रहा है, लेकिन उसका नाम पुलिस की सक्रिय अपराधियों की सूची में दर्ज है। इसलिए पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन गिरफ्तार नहीं कर सकी।
दिल्ली में रह रहा था आरोपी
सोमवार दोपहर को धर्मेंद्र कुमार अपनी मां और ग्रामीणों के साथ गले में तख्ती डालकर थाना बसई मोहम्मदपुर पहुंचा। उसने थानाध्यक्ष विजय कुमार को बताया कि वह जमानत के बाद गांव छोड़ गया था और दिल्ली में रह रहा था। उसको जानकारी मिली कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है तो वह मां के साथ थाने आ गया।
थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र सोमवार को गले में तख्ती पहनकर अपनी मां और ग्रामीणों के साथ थाने आया था। थाने पर उसने कहा कि वह अब अपराध नहीं करेगा। उसको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।