मैनपुरी। तहसील करहल के गांव कुदैया अल्लीपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मंगलवार को डीएम को दिया है। आरोप लगाया है कि एक रोजगार सेवक की पत्नी के स्वामित्व वाली फर्म से विकास कार्य के लिए सामग्री की आपूर्ति कराने के बाद चालू सत्र में एक करोड़ से अधिक की धनराशि का भुगतान कर दिया गया है। डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन में कहा है कि डुडगांव के रोजगार सेवक ने पत्नी के नाम से फर्म का पंजीकरण कराया है। यह शासनादेश के विपरीत है। इस फर्म से मनरेगा के कामों के लिए सामान की आपूर्ति कराई गई है। ज्ञापन में 21 ऐसे कामों की सूची शामिल की गई है, जिसमें हर काम के एफटीओ नंबर सहित किए गए भुगतान की धनराशि भी अंकित की गई है। सूची के अनुसार खंड विकास कार्यालय द्वारा वर्ष 2025-26 सत्र में 21 कामों के लिए 1.04,61,823 करोड़ का भुगतान किया गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर अखिलेश कुमार, चरन सिंह, राजीव कुमार, कृष्ण अवतार, धर्मेंद्र कुमार, ब्रजेंद्र कुमार, रिंकू सिंह मौजूद रहे।