चर्च कंपाउंड की जगह पर कब्जे का लगाया आरोप
- पुलिस ने मौके पर पहुंच कर की जांच, दोनों पक्ष को बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। रविवार की सुबह चर्च कंपाउंड के रहने वाले कई लोग कोतवाली पहुंचे। आरोप लगाया कि कुछ लोग गलत तरीके से कब्जा कर पचौरी कंपाउंड के लिए रास्ता निकाल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। दोनों पक्ष को वैध कागजात के साथ कोतवाली बुलाया।
कोतवाली क्षेत्र के चर्च कंपाउंड में रहने वाली कंपाउंड की प्रॉपर्टी अफसर ज्योती मैसी रविवार को समाज के कई लोगों के साथ कोतवाली पहुंची। प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह ईसाई समाज के अल्पसंख्यक लोग हैं। वह लोग वर्षों से चर्च कंपाउंड में मकान बनाकर रह रहे हैं। रविवार की सुबह कुछ लोग दिवंगत प्रकाश मसीह के घर के पीछे पचौरी कंपाउंड में रास्ता निकाल रहे हैं। शिकायत के बाद एसएसआई दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति देखी। वहां दो मजदूर के अलावा कोई भी शख्स नहीं मिला। एसएसआई ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगों को वैध कागजात के साथ बुलाया गया है। कानूनन जो सही होगा उसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा।