कासगंज। सेना सहित अन्य सरकारी नौकरियों में नौकरियां लगवाने के नाम पर युवाओं को ठगने के मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी को सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस मामले में दो अभियुक्त पूर्व में पकड़े जा चुके हैं।सेना में अग्निवीर सहित रेलवे एवं अन्य विभागों में नौकरियां लगवाने का झांसा देकर लाखों ठगने के एक मामले का कासगंज कोतवाली पुलिस ने 23 जून को खुलासा किया था। उस समय पुलिस ने सुशील यादव निवासी नगला रतुआ मजरा महाराजपुर थाना डिबाई बुलंदशहर हाल निवासी गढ़ी अड्डा कासगंज और पुष्पेंद्र निवासी सुनवरसराय थाना धनसारी जिला संभल को गिरफ्तार किया था। इनके पास से विभिन्न विभागों की सात गोल एवं 14 चोकोर फजी मोहरें, सात फिंगर प्रिंट की झिल्लियां, 13 मूल प्रतियां आधार कार्ड, दो एटीएम कार्ड एसबीआई, एक पेन कार्ड, फर्जी नियुक्ति पत्र दो मोबाइल एवं एक पॉकेट डायरी भी बरामद हुई थी। इस मामले में अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। इनमें से एक आरोपी अंशुल कुमार निवासी लहरा सलेमपुर थाना दादों अलीगढ़ को पुलिस ने रविवार देर शाम हिरासत में लिया था। इसे सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि आरोपी का काम गैंग के लिए फिंगर प्रिंट की झिल्लियां तैयार करना था।