फतेहपुर सीकरी। कस्बे की एक महिला ने इलाज के नाम पर 5.49 लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने और रुपये मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर आगरा से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज़ कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के चूड़ी बाजार निवासी गीता देवी पत्नी धर्मपाल सिंह ने पुलिस कमिश्नर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति कैंसर बीमारी से पीड़ित हैं। आरोप है कि मलिकपुर निवासी वकील सिंह पुत्र सुखवीर सिंह ने 26 सितंबर 2025 को इलाज के लिए पांच लाख रुपये उधार मांगे थे। पीड़िता के पति ने अपने बैंक के खाते से आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के खाते में पांच लाख रुपये भेज दिए। आरोपी ने एक माह में रुपये लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन तय समय पर रकम वापस नहीं की। बाद में 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचा और इलाज में अधिक खर्च होने की बात कहकर 50 हजार रुपये और मांगने लगा। इस दौरान आरोपी को 49 हजार रुपये का एक चेक भी दिया, जो बैंक खाते में जमा हो गया। 14 मई 2026 को वह अपने पति के साथ आरोपी के गांव मलिकपुर पहुंची, जहां आरोपी और उसके परिजन ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत लेकर थाना फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर आगरा को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।