आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में कारोबारी से रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मुनीम विपिन बिहारी दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं जबकि उसका साथी भागा हुआ है।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि महेंद्रा एंक्लेव वजीरपुरा रोड निवासी अर्जुन गुप्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि उनकी फर्म में सुल्तानगंज निवासी विपिन बिहारी दुबे मुनीम रहा। जनवरी माह से मुनीम की नीयत बदल गई। वह वेतन के अलावा 10 से 20 हजार रुपये जबरन लेने लगा। फरवरी में उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद आरोपी अपने साथी राज अग्रवाल उर्फ फरमान खान को गोदाम पर लेकर पहुंचा। साथी ने खुद को पत्रकार बताते हुए गोदाम का वीडियो बनाया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
दबाव बनाकर विपिन को दोबारा नौकरी पर रखवा दिया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार गोदाम में आग लगाने, गोली मरवाने, बच्चों के अपहरण और कारोबार बर्बाद करने की धमकी देकर रंगदारी वसूलता रहा। आरोपी तीन बार में 2.5 लाख रुपये ले गया। वहीं 14 मई को मौत का भय दिखाकर पांच लाख रुपये और वसूल लिए।
एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर विपिन बिहारी दुबे को स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 14 मई को व्यापारी से पांच लाख रुपये वसूले थे। इनमें से तीन लाख रुपये उसने अपने साथी राज अग्रवाल उर्फ फरमान खान को दे दिए। बाकी रकम में से डेढ़ लाख रुपये खर्च कर दिए, जबकि शेष 50 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।