औंछा। गांव बालमपुर निवासी एक युवक की बाइक छीन कर भागे दो युवक जनपद एटा में सड़क हादसे का शिकार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव बालमपुर निवासी ओमकार सिंह रविवार शाम करीब छह बजे घिरोर से घर आ रहा था। जसराना रोड स्थित लोअर गंग नहर पुल पर पहले से मौजूद अमर व रोहित निवासी विक्रमपुर ने उसे रोक लिया। बताया कि वह दावत खाने के लिए कस्बा जा रहे हैं। तीनों बाइक पर बैठ कर जा रहे थे, आरोप है कि रास्ते में उनके बीच किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद अमर व रोहित बाइक लेकर जसराना की ओर भाग गए।
ओमकार जब रोहित के घर गया तो पता चला कि वह घरवालों के संपर्क में नहीं रहता। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। जानकारी करने पर पता चला कि बाइक लेकर भागे दोनों आरोपी जनपद एटा के अवागढ़ क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। थाना पुलिस रोहित को पकड़ लाई है, वहीं अमर का एटा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।