भोगांव (मैनपुरी)। जीटी रोड पर गांव अरम सराय के पास मंगलवार सुबह एक ट्रक ने डीसीएम को टक्कर मार दी। इससे डीसीएम में बैठे चालक के भाई की मौके पर ही मौत हो गई। चालक भी जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के गांव मऊरसूलपुर निवासी 40 वर्षीय इकरार पुत्र मोहम्मद अली मंगलवार की सुबह रुई बाजार में थे। वहां उसका भाई मुख्तार डीसीएम लेकर आया, तो इकरार फर्रुखाबाद जाने के लिए उसमें बैठ गया।
करीब साढ़े दस बजे डीसीएम जब जीटी रोड पर गांव अरम सराय के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में इकरार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मुख्तार मामूली रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया।