करहल। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे माइल स्टोन 85 के पास मंगलवार की सुबह चालक को झपकी आने के बाद एक ट्रक खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा।
हरियाणा के फिरोजपुर झिरका निवासी ट्रक चालक जुबेर अहमद अलवर राजस्थान से ट्रक में सरसों का तेल, रिफाइंड आदि लादकर बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ खलासी रहीमुद्दीन पुत्र खुर्शीद भी था।
मंगलवार की सुबह करीब छह बजे ट्रक जब थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 85 पर पहुंचा, तभी अचानक चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिरकर पलट गया।
हादसे में चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक देवेंद्रनाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे घायल चालक व खलासी को बाहर निकलवाने के साथ ही अस्पताल भेजा गया। वहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया।