खंदौली में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कार से टकराने के बाद बाइक सवार युवक ट्रक के नीचे फंसा लगभग सौ मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर लगभग एक घंटे तक जाम लगाया। वहीं, एत्मादपुर में हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
एसवीसीएल माइक्रो फाइनेंस कंपनी की हाथरस के नवीपुर स्थित शाखा के मैनेजर आगरा में भर्ती हैं। सोमवार को कंपनी के फील्ड आफीसर जितेंद्र सिंह (30) निवासी गाजियाबाद, भूरी सिंह निवासी नत्थू घढ़ी और संदीप तीनों उन्हें देखकर एक ही बाइक पर सवार होकर आगरा से लौट रहे थे। रास्ते में पीलीपोखर के समीप सामने से आई कार की चपेट में आकर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। तभी पीछे से आए तेजगति ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दौरान भूरी सिंह और संदीप वहीं गिर पडे़। जबकि जितेंद्र सिंह बाइक समेत ट्रक के नीचे फंसा लगभग सौ मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक और कार के चालक मौके से भाग गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने घायल भूरी सिंह और संदीप को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इससे आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। पुलिस ने बताया कि मृतक बाइक चालक हेलमेट पहने था लेकिन उसके कान में ईयरफोन लगा हुआ था।
एत्मादपुर में रविवार रात हाईवे स्थित नगला रामबक्स के पास रोड पार करते समय रमेश यादव (37) निवासी नगला रामबक्स की अज्ञात वाहन ने टक्कर से मौत हो गई। उनके भतीजे विजय कुमार ने मामला दर्ज कराया है। वहीं, हाईवे स्थित बंगारा गांव के पास वाहन का इंतजार कर रहे बंगारा निवासी चंद्रसेन (57) एक्टिवा की चपेट में आकर घायल हो गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उनके पुत्र जैनेश ने एक्टिवा सवार सौरभ निवासी श्रीनगर कालोनी आगरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पिनाहट के भदरौली में आगरा-बाह हाईवे पर अपनी मां के साथ बाइक से जा रहे रामनिवास (28) पुत्र ज्वालाप्रसाद निवासी गांव मनवा थाना नसीरपुर फिरोजाबाद ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी बाह में भर्ती कराया। वहां से पीजीआई सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, बाह में बाइक सवार पिढ़ौरा के चंडीगढ़शाला निवासी मायाराम (35), उनकी पत्नी शकुंतला (31), पुत्री निशा (7) सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकराकर घायल हो गये। उन्हें सीएचसी से आगरा रेफर किया गया है।
हादसे में गई एक और जान, एक घायल
आगरा। शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को भी हादसों का सिलसिला जारी रहा। आगरा किले के सामने दोपहर को बाइक सवार मामा-भांजे बस की चपेट में आ गए। हादसे में भांजे की मौत हो गई, जबकि मामा गंभीर घायल हो गया। अलीगढ़ के चूहरपुर स्थित मछलोर निवासी टिंकू (24) पुत्र छोटेलाल लंगड़े की चौकी, हरीपर्वत स्थित रिश्तेदार के यहां रविवार को देवी जागरण में आया था। सोमवार सुबह मामा विक्रम के साथ बुलट से नरीपुरा जा रहा था। मामा-भांजे यमुना किनारा रोड से किले के सामने पहुंचे तो एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गए। टिंकू बुलट चला रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विक्रम घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को पकड़ लिया। परिवारीजनों ने बताया कि टिंकू रिश्तेदार सिपाही प्रेमप्रकाश की बुलट मांगकर लाया था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।