घिरोर (मैनपुरी)। कस्बा घिरोर में मंगलवार देर शाम रोडवेज बस और ट्राला में टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार एक यात्री घायल हुआ है। अन्य यात्री बाल बाल बचे। पुलिस ने जेसीबी लगाकर बस और ट्राला को अलग किया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मैनपुरी डिपो की बस शिकोहाबाद से मैनपुरी जा रही थी। जैसे ही बस कस्बा घिरोर में थाने के पास पहुंची, तभी मैनपुरी की तरफ से आ रहे ट्राला ने बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस यात्री शिवम गुप्ता पुत्र शंकर लाल निवासी मैनपुरी घायल हो गया। इस बीच बस में सवार यात्री दहशत में आ गए। इससे उनके बीच पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को अलग कराया। पुलिस ने रोडवेज यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों से मैनपुरी भेजा। हादसे के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे।