मैनपुरी। माता शीतला देवी मंदिर के पास बीते रविवार की शाम धारऊ मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक बालिका की मौत हो गई थी। वहीं करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उक्त हादसा शराब पीकर गाड़ी चला रहे युवक की लापरवाही से हुआ था। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ निवासी किशन पाल रविवार को अपनी पुत्री का मुंडन कराने के लिए परिवार व गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से माता शीतला देवी मंदिर आए थे। देर शाम वापस लौटते समय धारऊ मोड़ के पास ट्रैक्टर ट्राली पलटने से एक 12 वर्षीय बालिका अंजली की मौत हो गई थी। करीब 25 लोग घायल हो गए थे। यह हादसा अचानक सामने आए किसी व्यक्ति को बचाने की वजह से नहीं हुआ था। बल्कि हादसे का जिम्मेदार शराब पीकर ट्रैक्टर चला रहा युवक अनुज उर्फ पतन्ना था। मृतका अंजली के पिता राजेंद्र ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि ट्रैक्टर चला रहा अनुज नशे में था। उसकी लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।