सकीट में सड़क दुर्घटना के दौरान जाम लोगों से जानकारी लेती पुलिस- संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं दुर्घटनाओं में मासूम और बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कोंची डेरा में कार की चपेट में आने से बच्ची की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना सकीट के गांव कोंची डेरा निवासी चांदतारा (8) पुत्री रांझा की गांव के पास ही कार की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ियां डालकर जाम लगा दिया और ब्रेकर बनाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर सीओ सकीट समेत थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सकीट देव आनंद के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
थाना पिलुआ के नगला गिझाई में खेल-खेल में एक बच्चे ने ट्रैक्टर में लगी चाबी को घुमा दिया। इससे ट्रैक्टर आगे बढ़ गया और उसके नीचे खेल रहे ढाई वर्षीय मासूम यश पुत्र रामबाबू दबकर मौत हो गई। परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव करनपुर-गढ़िया के पास शनिवार रात बाइक सवार गोविंद उर्फ अजीत (30) पुत्र पूरन सिंह निवासी गांव चंदीला थाना हाथरस जंक्शन, जिला हाथरस को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि गोविंद जलेसर कस्बा में दवा लेकर लौट रहा था और हादसे का शिकार हो गया।