टूंडला (फिरोजाबाद)। हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन के दो कोच के एसी खराब हो जाने पर शनिवार रात यात्रियों ने टूंडला रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर दिया। ट्रेन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया तो यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। इसके चलते ट्रेन करीब साढ़े चार घंटे तक टूंडला पर खड़ी रही। इसके चलते करीब एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं।
नई दिल्ली से गोरखपुर जाने वाली 02572 हमसफर एक्सप्रेस शनिवार रात करीब आठ बजे नई दिल्ली से रवाना हुई। ट्रेन के निकलते ही कोच नंबर बी-4 व बी-5 के एसी खराब हो गए। गर्मी से परेशान यात्रियों ने ट्रेन के स्टाफ से एसी ठीक कराने की मांग की।
ट्रेन के अलीगढ़ पहुंचने पर भी खराब एसी को ठीक नहीं कराया गया। इसके बाद आक्रोशित यात्रियों ने रात करीब 10 बजे ट्रेन को टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले एफएच मेडिकल कॉलेज के निकट चेन पुलिंग कर रोक दिया। चालक ने कई बार ट्रेन चलाने की कोशिश की लेकिन लेकिन यात्रियों ने ट्रेन नहीं चलने दी। किसी तरह ट्रेन को टूंडला स्टेशन पर लाया गया।
यहां खराब एसी को ठीक कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसें में रेलयात्री एसी सही कराने की मांग करते हुए हंगामा करते रहे। मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों ने खराब एसी को कानपुर पर ठीक कराने की बात कहते हुए यात्रियों को समझा-बुझाकर रात करीब ढाई बजे ट्रेन को रवाना किया गया।
ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
टूंडला। हंगामे के कारण मगध एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, फरक्खा एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, स्वत्रंता सेनानी एक्सप्रेस, बिहार-संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं।