आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विधि पुनर्परीक्षा के परिणामों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदर्शन किया। बाद में परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भी सौंपा।
परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने आरोप लगाया कि बीए एलएलबी पाठ्यक्रम के कई छात्रों को अधिक अंक होने के बावजूद गलत तरीके से अनुत्तीर्ण कर दिया गया। बीएएलएलबी के परिणाम चार बार और एलएलबी के परिणाम करीब तीन बार अपडेट किए गए।
इसके बावजूद कई छात्रों के परिणामों में सुधार नहीं हुआ। प्रांत राज्य विश्वविद्यालय संयोजक नितिन दुबे ने कहा कि बीएएलएलबी के कई छात्रों को अनुत्तीर्ण कर दिया गया है। उन्होंने मांग किया कि ऐसे छात्रों को एक और अवसर देते हुए पुनर्परीक्षा कराई जाए। विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी ने कहा कि बार-बार परिणाम संशोधित करने के बावजूद छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय की ओर से इस पर विचार किया जाएगा। और छात्रहित में फैसला लिया जाएगा।