मैनपुरी। नाम बदल कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, बंधक बना कर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की धमकी देने वाला आमिर मसूद तीन दिन बाद भी कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। आरोपी ने राज खुलने के बाद युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया था। सदर कोतवाली में आरोपी व उसके भाई के खिलाफ 30 सितंबर को केस दर्ज कराया गया था।
मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली युवती माता पिता के साथ करीब 21 साल से कस्बा कुरावली में रह रही है। युवती ने शहर के कटरा मोहल्ला निवासी आमिर मसूद पर धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने का केस दर्ज कराया है। पुलिस को बताया था कि चार साल पहले मुलाकात के दौरान आमिर ने अपना नाम आदित्य वर्मा बताया और लिव में रहने के दौरान उस से संंबंध बनाए। चार बार उसका गर्भपात भी कराया गया। एक दिन जब पता चला कि उसका असली नाम आदित्य नहीं बल्कि आमिर मसूद है, तब उन पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जाने लगा। भेद खुलने के बाद आरोपी व उसके भाई मुवीन ने कटरा मोहल्ला स्थित घर में बंधक बनाकर रखा और सामूहिक दुष्कर्म किया था। एसपी के आदेश पर केस दर्ज किया जा चुका है, मगर तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपी आमिर मसूद कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। बता दें कि पीड़िता ने आमिर और उसके भाई मुवीन से जान का खतरा भी बताया है।