विकास भवन में आलू के बीज के लिए लॉटरी निकाले जाने के दौरान मौजूद किसान
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लॉटरी से आलू के बीज के लिए 95 किसानों का चयन किया गया। विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ईशा प्रिया की मौजूदगी में लॉटरी निकाली गई। जल्द बीज का वितरण किया जाएगा।
उद्यान विभाग द्वारा हर साल आलू का नया बीज किसानों को दिया जाता है। इस बार किसान अधिक होने और आलू का बीज कम होने के चलते जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने लॉटरी से किसानों का चयन करने के आदेश दिए थे। चयन के लिए बनाई गई समिति में सीडीओ को अध्यक्ष, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह को सचिव और जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. इंद्रा सिंह को सदस्य बनाया गया था।
मंगलवार को विकास भवन स्थित सभागार में समिति ने किसानों के सामने लॉटरी निकाली गई। 59 किसानों का चयन ओवरसाइज आलू के बीज के लिए और 36 किसानों का शीडसाइज चयन किया गया। जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने बताया कि दोनों ही श्रेणियों में दस-दस अतिरिक्त लॉटरी भी निकाली गईं। अगर चयनित कोई किसान आलू नहीं लेता है तो इन दस-दस किसानों में से मौका दिया जाएगा।
इसलिए लॉटरी से हुआ आवंटन
जिले को इस वर्ष शासन से एक हजार क्विंटल आलू का नया बीज आवंटित हुआ था। वहीं उद्यान विभाग में आलू के लिए 385 किसानों ने आवेदन किया था। मांग के अनुसार इन किसानों को लगभग छह हजार क्विंटल आलू की आवश्यकता थी, लेकिन आवंटन 20 प्रतिशत से भी कम था। इसीलिए लॉटरी का निर्णय लेना पड़ा।
लॉटरी के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ आलू के नए बीज के किसानों का चयन किया गया। किसान भी इस दौरान मौजूद रहे। शासन से और आलू के लिए मांग की जाएगी। अगर आवंटन हुआ तो दोबारा वितरण कराया जाएगा।
ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी।