फतेहाबाद। शमसाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर गढ़ी गोदना के पास दूध देकर घर लौट रहे युवक को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझा बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजन के मुताबिक मंगलवार की शाम 9:20 बजे के करीब गांव गढ़ी गोदना फतेहाबाद निवासी हाकिम सिंह (30) मोटरसाइकिल से गढ़ी गुसाई में दूध देकर गांव में लाैटा ही था कि शमसाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर करनसिंह की परचूनी की दुकान पर खड़े होकर बातचीत कर रहा था। तभी शमसाबाद की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे डंपर चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी। इससे हाकिम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर गांव के लोग घटनास्थल पर दौड़े लेकिन डंपर चालक डंपर लेकर फरार हो गया। वहीं, गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। जानकारी पर थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे बाद परिजन को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मृतक के परिजन ने बताया कि मृतक पर चार बच्चे है। लक्ष्मी, कंचन भूपेंद्र व सीटू हैं। मृतक मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। जानकारी से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पुलिस डंपर की तलाश कर रही है।