आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र की विवाहिता का मनचले ने निकलना मुश्किल कर दिया। दुकान में काम सीख रहे बेटे को लेने जाते समय बीच सड़क रोककर छेड़खानी कर दी। लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता के पति ने बताया वह किराये के मकान में परिवार सहित रहता है। उसका बेटा खंदारी परिसर के पास एक दुकान पर काम सीखता है। उसकी पत्नी अक्सर बेटे को खाना देने और रात में लेने के लिए जाया करती है। गली नंबर-1 निवासी यश उर्फ चुन्नू काफी समय से उसकी पत्नी का पीछा कर अश्लील इशारे करता था। 19 मई की रात करीब 9 बजे पत्नी बेटे को दुकान से लेने पहुंची। वहां पहले से आरोपी बैठा था। आरोप है कि चौराहे पर ही आरोपी ने पत्नी का हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि तुम लोग यहां किराये पर रहते हो। हमारा यहां कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के दौरान शोर मचने पर राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने किसी तरह पत्नी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इस दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। पीड़ित ने पुलिस को वीडियो साक्ष्य दिया है। थाना प्रभारी हरीपर्वत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।