मैनपुरी। बाइक पर बैठ कर जा रही नगला पजाबा निवासी एक महिला को आरोपियों ने दुपट्टा खींच कर सड़क पर गिरा दिया। विरोध करने पर पति को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायल दंपती का मेडिकल कराया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा निवासी अमित कुलश्रेष्ठ मंगलवार की शाम पत्नी प्रीती के साथ बाजार जा रहे थे। तभी रास्ते में मोहल्ला बागवान निवासी शिवम उर्फ सौरभ सक्सेना नशे की हालत में मिला। आरोपी उनकी पत्नी के साथ अभद्रता करने लगा। अमित के विरोध करने पर आरोपी ने तमाचा मारकर गिरा दिया। अपने साथियों को बुलाने की बात कह कर वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब दंपती बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तभी शिवम उर्फ सौरभ सक्सेना अपने साथी साबमाम ढोल बाबा, मोनू पंड़ित निवासी मदार दरवाजा व दो अन्य के साथ मिल कर बाइक रोकने लगे। एक आरोपी ने पत्नी का दुपट्टा पकड़ कर खींच दिया। पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गई। विरोध करने पर आरोपी ने अमित और उनकी पत्नी की पिटाई की। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद घायल दंपती का मेडिकल कराया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।