बाह: पैर छूने के अंधविश्वास में डेरक की प्रीती को सांप ने डसा, पति सोनू बोरे में बंद कर अस्पताल
बाह। डेरक गांव में रविवार दोपहर एक बजे करीब घर में सांप निकलने पर प्रीती ने अंधविश्वास में पैर छूने को झुक कर हाथ बढ़ाया था, इसी दौरान दो मुंहे सांप ने अंगुली में डस लिया। डसने के बाद सांप घर में घुस गया। पति सोनू ने सांप को घेर कर पकड़ लिया और डंडे के सहारे बोरे में बंद कर अस्पताल लेकर पहुंचा। बोरे में बंद सांप को देख कर अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई।
डेरक के सोनू ने चिकित्सक को बताया कि दोपहर में बोरी सरकाते समय सांप निकला था। अंधविश्वास में प्रीती ने पैर छूने को झुककर अपना एक हाथ आगे बढ़ाया था। नजदीक पहुंचते ही सांप ने प्रीती के हाथ की अंगुली में डस लिया। बोरे को खोलकर डस्टबिन में सांप को डाला तो पता चला कि डसने वाला सांप (रेड सैंड बोआ) है। बाद में सोनू ने सांप को फिर से बोरे में बंद कर प्राकृतिक वास स्थल पर सुरक्षित छोड़ दिया। अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया रेड सैंड बोआ सांप जहरीला नहीं होता है। फिर भी महिला को अस्पताल में चिकित्सीय देख रेख में रखा गया है।