कानपुर से नई दिल्ली की ओर जा रही पूर्वा एक्सप्रेस में एक महिला ने प्रसव के दौरान एक बालक को जन्म दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ व जीआरपी ने महिला को एंबुलेंस से चिकित्सालय भेजा।
बुधवार को कानपुर की ओर से आ रही पूर्वा एक्सप्रेस के आरक्षित कोच संख्या पांच में सवार बबली निवासी झझर हरियाणा अपने पति व अन्य परिजनों के साथ दिल्ली जा रही थी। शिकोहाबाद के समीप महिला को तेज प्रसव पीड़ा हुई।
फिरोजाबाद के समीप गाड़ी को रुकवाया। ऐसे में कोच में बैठी अन्य महिलाओं ने किसी तरह से उसे संभाला। इस दौरान महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। वहीं कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर ट्रेन को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया।
मौके पर पहुंचे जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने 108 एंबुलेंस को बुलाकर प्रसूता को जिला महिला चिकित्सालय भिजवाया।