बाह। विक्रमपुर गांव में रविवार सुबह एक हृदय विदारक घटना घटी। खेल रहे दो साल के मासूम बच्चे ने अनजाने में कीटनाशक (जहर) पी लिया। बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजनों में कोहराम मच गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
विक्रमपुर के उमेश ने बताया कि अमरूद के पेड़ों पर छिड़कने के लिए कीटनाशक लाए थे, घर पर दीवार की कुछ ऊंचाई पर शीशी रखी थी, पास में ही बेटा अंश खेल रहा था। उसने शीशी उतार ली, दांतों से ढक्कन खोल लिया और कीटनाशक को पी गया। जब वह चीखा, मुंह से झाग निकला, तब परिजनों को पता चला। आनन फानन में इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया। चिकित्साधिकारी डॉ. जेआर गौतम ने परिजन एवं तीमारदारों को कीटनाशक आदि बच्चों की पहुंच से दूर रखने की सलाह दी। जिससे भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।