कासगंज। जिला में डेंगू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पताल पर इलाज के लिए पहुंची एक किशोरी व एक बालक डेंगू संक्रमित निकले हैं। दोनों ही संक्रमित तैयबपुर कमालपुर गांव के हैं।
जिला अस्पताल पर मंगलवार को बुखार की शिकायत के बाद तैयबपुर कमालपुर निवासी सुमन(17) पुत्री होरीलाल एवं गणेश (8)पुत्र महावीर की चिकित्सकों ने जांच कराई। जांच में डेंगू की पुष्टि हो गई। सोमवार को जिला अस्पताल पर पहुंचे गणेश के भाई कुलदीप(16) को डेेंगू निकल आया था। जबकि एक अन्य युवक आयुष (20) पुत्र अरुन कुमार निवासी किसरौली डेंगू संक्रमित निकला था। जबकि एक पखवाड़े पूर्व भी एक युवक डेंगू संक्रमित निकल चुका है। ग्राम तैयबपुर में काफी संख्या में ग्रामीण बुखार की चपेट में आ चुके हैं। डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़ने से ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं।
10 मरीजों में मिले डेंगू के लक्षण
कासगंज। ग्राम तैयबपुर में सोमवार को एक युवक के डेंगू संक्रमित निकलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच को पहुंची। टीम ने 46 मरीजों की जांच की। जांच में 8 मरीजों में मलेरिया एवं 10 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले। इसके बाद इनके सैंपल जांच को लिए गए। टीम में डा. पीएस वर्मा, डा. सरस्वती, ऑप्टोमेट्रिस्ट अरुन, लेव टेक्नीशियन देवराज, स्टॉफ नर्स विमलेश मौजूद रहे। किसरौली पहुंची टीम ने 22 मरीजों की जांच की। जांच में 3 मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिले। इनकी स्लाइड बनाई गई। टीम में डा. दानिश, डा. भावना, ऑप्टोमेट्रिस्ट विक्रम सिंह, लेव टेक्नीशियन जीशान, एएनएम बेबी शामिल रहे।