आगरा। जिले के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज नामों को पढ़ा जाएगा। मतदाता सूची में नाम शामिल न होने की स्थिति में पात्र लोग जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते है। इसके साथ बूथ लेवल एजेंट से फॉर्म 6 लेकर नए मतदाता के रूप में सूची में जुड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि शनिवार सुबह 11 से शाम चार बजे तक चलने वाले इस विशेष अभियान के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। जो भी नागरिक 1 जनवरी 2026 को 18 साल के हो चुके हैं, वह फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो मतदाता स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है, उनका फार्म-7 भरा जाएगा। वहीं, संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर साक्ष्य सहित मतदेय स्थल या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कराना होगा।
इन बातों का रखें ध्यान
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए बूथ पर जाते समय मतदाता जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं। इनमें रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाणपत्र, निवास का पता एवं परिवार के किसी सदस्य के इपिक/मतदाता फोटो पहचानपत्र की छायाप्रति शामिल हैं।