बाह: रक्षामंत्री की जनसभा से पहले नजर बंद किए भाकियू पदाधिकारी
बाह। शमसाबाद में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा के दौरान भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने आलू किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने का एलान किया था। ज्ञापन के लिए निकलने से पहले कैंप कार्यालय पीएसी कोठी पर संगठन के जिलाध्यक्ष हर्ष शर्मा, जिला महामंत्री दयाशंकर, लक्ष्मीकांत शर्मा, जिला प्रवक्ता बंटू राठौर, जिला संयोजक प्रभाकर यादव, ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहित को बाह पुलिस ने नजर बंद कर लिया। कार्यालय में नजर बंद रहे पदाधिकारियों को जनसभा के बाद ही पुलिस ने छोड़ा। जिलाध्यक्ष हर्ष शर्मा ने ज्ञापन से पहले नजर बंद किए जाने को अन्नदाता की आवाज को दबाने का कृत्य बताया है। बेहाल आलू किसानों का दर्द रक्षामंत्री को सुनाना था। अपराधियों की तरह से नजर बंद करना ठीक नहीं है। शासन प्रशासन उनकी पीड़ा को समझे और उपज का उचित मूल्य दिलाए।