आगरा। शादी के लिए युवती ने मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई। बैंक के एक अधिकारी से प्रोफाइल मैच हुआ तो दोनों में बातचीत होने लगी। बैंककर्मी ने शादी का वादा किया और मिलने के लिए तय जगह पहुंच गया। युवती का आरोप है कि बैंक अधिकारी ने संबंध बनाए और बाद में वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने लगा और शादी से मुकर गया। शिकायत पर शाहगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शाहगंज निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि नामी मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाने के बाद बैंक अधिकारी हिमांशु निहेष (निवासी जगदीशपुरा आंबेडकर पार्क के पास) से प्रोफाइल मैच हुआ। बातचीत होने पर आरोपी ने प्रेम हो जाने की बोलकर बातों में फंसा लिया। बहाने से होटल में ले जाकर संबंध बनाए। इसके बाद बैंक अधिकारी ने खुद को अलग करते हुए संबंध तोड़ दिए। कुछ दिन बाद फिर कॉल कर बात करने लगा।
युवती का आरोप है कि इस बार वह फोटो-वीडियो व्हाट्सएप पर भेज कर वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी ने कई बार होटल ले जाकर शारीरिक शोषण किया। शादी की बात करने पर वह मारपीट करने लगता था। पीड़िता ने उसका घर पता किया और वहां जाकर शादी के लिए गिड़गिड़ाई तो सरकारी नौकरी के हिसाब से दहेज नहीं दे पाने की बोलकर मजाक उड़ाकर भगा दिया। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।