कार्यक्रम में बोलते योगेंद्र उपाध्याय
आगरा। स्वस्थ समाज सबसे बड़ी पूंजी। यही देश की तरक्की का आधार भी है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका चिकित्सक निभा रहे हैं। ये बातें जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन में विकसित भारत के निर्माण में चिकित्सकों के योगदान विषय पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कही।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में वायरस के सामने चिकित्सक ही ढाल बनकर खड़े रहे। बोले कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के कार्यकाल में देश-प्रदेश में चिकित्सकीय सेवाएं बेहतर हुई हैं। कार्यक्रम संयोजक आगरा सर्जंस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि बीमारी का खर्च बढ़ने से आर्थिक संकट खड़ा होता है। ऐसे में जरूरतमंदों के लिए आयुष्मान भारत योजना क्रांतिकारी साबित हो रही है। संयोजिका डॉ. अनुपमा शर्मा ने बताया कि चिकित्सा में नई तकनीक और विधियों से गंभीर रोगों से मरीजों को डॉक्टर निजात दिला रहे हैं। एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एसएन मिनी एम्स बन रहा है। आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि सरकार चिकित्सकों की सलाह से चिकित्सकीय योजनाएं और लेकर आए तो स्वस्थ समाज की परिकल्पना और मजबूत होगी। संचालन संदेश जैन ने किया। कार्यक्रम में आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन, डॉ. जेएन टंडन, डॉ. बीके अग्रवाल, डॉ. रामबाबू हरित, डॉ. निखिल चतुर्वेदी, डॉ. आशीष गौतम, डॉ. बीके गुप्ता, डॉ. एके गुप्ता, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, डॉ. पार्थसारथी शर्मा, डॉ. योगेश सिंघल, डॉ. रत्ना, डॉ. कुशल सिंह आदि ने भी व्याख्यान दिए।