रामबाग चौराहे पर भीख मांगने के दौरान किशोरियों में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है।वीडियो ग्रेप
- फोटो : संवाद
शहर के प्रमुख चौराहों पर भिखारियों का आतंक है। मंगलवार को थाना एत्माद्दौला के रामबाग चौराहे पर भीख के रुपयों के लिए नाबालिग बच्चियों के गुट में जमकर मारपीट हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कार चालक को उतरकर उन्हें अलग करना पड़ा। इससे सर्विस लेन की सड़क पर आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
एत्माद्दौला के रामबाग चौराहे पर महिला, पुरुष और नाबालिग छोटे-छोटे बच्चे सड़क पर घूम-घूमकर लोगों से भीख मांगते हैं। एक को रुपये दे दिए तो कई अन्य गुट बनाकर व्यक्ति के पीछे लग जाते हैं। उसके साथ खींचातानी तक करने लगते हैं। अगर अन्य को रुपये नहीं मिले तो भीख देने वाले को गालियां तक देने लगते हैं। भिखारी बाहर के नंबर की कारों को देखते ही टूट पड़ते हैं। कार चालक का बिना रुपये दिए आगे निकलना मुश्किल कर देते हैं। मंगलवार को रामबाग चौराहे पर एक कार चालक ने भीख मांग रही एक किशोरी को कुछ रुपये दे दिए। उसके साथ तीन अन्य नाबालिग भी थीं। सबने मिलकर कार चालक को रोक रुपये मांगना शुरू कर दिया।
कार चालक के मना करने पर किशोरियां आपस में भिड़ गईं। एक-दूसरे के बाल पकड़्रकर मारपीट करने लगीं। सड़क पर गिरने से वाहन रुक गए। कार चालक ने उतर कर चारों को अलग करने का प्रयास किया। इस दौरान करीब आधा घंटा तक सर्विस लेन की सड़क पर वाहनों की लाइन लगी रही। हालांकि पास ही रामबाग चौकी पर तैनात कोई पुलिसकर्मी मदद के लिए नहीं आया। मारपीट का वीडियो राहगीरों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में भीख मांगने के लिए महिलाएं और पुरुष अपने साथ नाबालिग बच्चियों को भी ला रहे हैं। वह भीख नहीं देने पर लोगों से अभद्रता करते हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि एएचटीयू की टीम लगातार अभियान चलाकर नाबालिगों से काम करवाने वालों पर कार्रवाई कर रही है। भीख मांगने के लिए बच्चों को लाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
इन जगहों पर हालात खराब
भिखारियों की टीमें सिर्फ रामबाग पर ही नहीं हैं। दिनों के हिसाब से प्रमुख मंदिरों, मेलों और दरगाहों पर भी पहुंचती हैं। इसके साथ ही संजय प्लेस, हरीपर्वत चौराहा, सदर की सौदागर लेन, कारगिल चौराहा, खंदारी चौराहा, भगवान टॉकीज समेत प्रमुख खाने के सामानों की दुकानों के पास भी बड़ी संख्या पर दिखाई देती हैं। कोई जिम्मेदार इनकी ओर ध्यान नहीं देता है।