आगरा। युवाओं सा जोश लिए वरिष्ठ नागरिकों ने जब रैंप पर हुनर दिखाया तो हर कोई जिंदगी जीने के जोशीले अंदाज से प्रेरित हो उठा। ये नजारा देखने को मिला आई सर्व खुशियों के पल संस्था के 35वें ग्रैंड फिएस्टा एवं अमेजिंग सीनियर प्रोग्राम में।
खंदारी स्थित होटल में आयोजन कल, आज और कल की थीम पर हुआ। पहली प्रस्तुति युवाओं ने बैंड पर संगीतमय सुरों के साथ दी गई। इसके बाद मुगल-ए-आजम की अनारकली बन दादी नानी ने अप्रतिम सौंदर्य की मिसाल कायम की। मुख्य अतिथि किशोर खन्ना और मंजू खन्ना थे। 50 वर्ष से अधिक आयु के सभी सदस्यों ने अपने-अपने हुनर, शौक और जीवन के अनुभवों को प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया। कोई अपने जीवनसाथी का हाथ थामे मधुर संगीत पर थिरकता नजर आया, तो कोई अपने पुराने साथियों के साथ मिलकर बीते सुनहरे पलों को फिर से जीता दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सुनहरी यादों की झलक विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां प्रतिभागियों ने अपने जीवन के पुराने अनुभवों को साझा करते हुए वर्तमान में जीने और भविष्य को संवारने का संदेश दिया। संस्था के संयोजक अनुराग जैन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने अनुभवों को साझा कर सकें। अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और जीवन के हर पल को उत्साहपूर्वक जी सकें।