आगरा। हरिपर्वत जोन क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य में लापरवाही की जा रही थी। कर्मयोगी ब्लॉक स्थित शुभम विहार (फेस-2) से यमुना विहार पुलिया होते हुए बृजधाम सीसी मुख्य मार्ग तक आरसीसी नाला निर्माण का कार्य नगर निगम की ओर से स्वीकृत किया गया था। ठेकेदार सतेंद्र प्रताप की फर्म के पक्ष में 40.11 लाख रुपये (जीएसटी सहित) में 24 दिसंबर 2024 को मंजूर किया गया था। अनुबंध के अनुसार, कार्य 13 नवंबर तक पूरा होना था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। नाला खुदाई में निकली अतिरिक्त मिट्टी ठेकेदार ने सड़क किनारे डाल दी। अवर अभियंता हरीओम के निर्देश पर भी ठेकेदार ने मिट्टी को नहीं हटाया। ठेकेदार के मनमाने रवैये पर अवर अभियंता ने 50 हजार रुपये के जुर्माने की संस्तुति नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से की थी। इस पर नगरायुक्त ने जुर्माने पर मुहर लगा दी है।
कमलानगर में रैंप हटाने पर महिलाओं का हंगामा, लाैटी टीम
आगरा। कमलानगर के जी ब्लॉक में सड़क निर्माण के लिए घरों के आगे बने रैंप तोड़ने पर हंगामा हो गया। महिलाएं टीम के विरोध में उतर आईं। क्षेत्रीय पार्षद प्रदीप अग्रवाल भी पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। मगर महिलाएं मानने को तैयार नहीं हुईं। विरोध को देखते हुए निगम कर्मियों को कार्रवाई रोकनी पड़ी। टीम को लौटना पड़ा। नगर निगम की ओर से कमला नगर जी ब्लाक में नोटिस जारी किया गया है। इसमें सात दिन के भीतर रैंप हटाने का निर्देश दिया गया है। चेतावनी दी गई है। घरों के आगे बने सभी रैंप पर लाल निशान लगाकर उन्हें अतिक्रमण के रूप में चिह्नित कर दिया गया है।