आगरा। जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्यासपुर और आसपास की आधा दर्जन बस्तियों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। नगर निगम हाथी गेट से राजीव सिनेमा मोड़ तक लगभग 380 फीट लंबे नाले का 45 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराएगा। नाले को मोक्षधाम के पास पुष्पांजलि नाले से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र में जमा होने वाला पानी नाले से होकर आगे चला जाएगा।
दरअसल, रेलवे ने बरसात से पहले नाले को बंद कर दिया था। इस वजह से पूरे क्षेत्र में बरसात के दौरान पानी भरने की समस्या गंभीर हो गई थी। इस समस्या के समाधान के लिए निगम अब नाला निर्माण पर 45 लाख रुपये खर्च करने जा रहा है। निगम के अधिशासी अभियंता निर्माण अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि नया नाला मोक्षधाम के पास पुष्पांजलि नाले से जोड़ा जाएगा जिससे पानी की निकासी निर्बाध रूप से हो सकेगी। बताया कि ढाई फीट चौड़े और चार फीट गहरे नाले का काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शहर के उन इलाकों की पहचान की गई है, जहां जलभराव एक स्थायी समस्या रही है। प्राथमिकता के आधार पर ऐसे क्षेत्रों में नाला निर्माण और पुनर्निर्माण कार्य कराए जाएंगे।