गंजडुंडवारा। गनेशपुर रेलवे फाटक के पास बृहस्पतिवार की रात एक कपड़ा कारोबारी को चोर समझकर कुछ लोगों ने पीट दिया। कारोबारी एटा से लौटते वक्त फाटक बंद होने पर लघुशंका के लिए कार से उतरे थे। इस दौरान अचानक उन पर हमला कर दिया गया। घायल व्यापारी ने थाने पहुंचकर दो नामजद समेत 25 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। गंजडुंडवारा के मोहल्ला धनपाल में रहने वाले अंकुर गुप्ता पुत्र हरिओम गुप्ता कपड़ा व्यापारी है। वह बृहस्पतिवार की रात कार में सवार होकर एटा से घर लौट रहे थे। वह रास्ते में गनेशपुर रेलवे फाटक बंद होने के कारण कार से उतरकर बस स्टॉप के पास खाली जगह में लघुशंका निवारण के लिए गए थे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझकर बिना किसी तरह की पूछताछ किए उन्हें पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और कारोबारी को बेरहमी से पीटा गया। इस बीच मौके पर पहुंचे कुछ अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह व्यापारी की जान बचाई।
इस दौरान अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया। कारोबारी के सिर में गंभीर चोट लगी हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने प्यारे मियां निवासी गनेशपुर और नफीस निवासी सुजावलपुर समेत करीब 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। नामजदों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हलवाई को चोर समझकर पीटा :
सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव सुनहरा में भुजपुरा से लौट रहे एक हलवाई को ग्रामीणों ने चोर समझकर घेर लिया और उसकी पिटाई लगा दी। उसकी बाइक में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।सिढ़पुरा के इस्लामनगर निवासी नंदकिशोर पुत्र लटूरी सिंह 15 अगस्त को गांव भुजपुरा में एक समारोह में खाना बनाने गए थे। देर रात बाइक से घर लौटते वक्त सुनहरा गांव के पास कुछ ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और चोर कहकर पीटना शुरू कर दिया। इससे नंदकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जारी रहा।