आगरा। आगरा-फिरोजाबाद मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम से वाहन चालकों को राहत दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) कुबेरपुर से टूंडला के बीच 16 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाएगा। लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाईपास का प्राथमिक सर्वे पूरा कर लिया गया है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
परियोजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण संबंधी गजट नोटिफिकेशन जल्द ही जारी होने की संभावना है। इसके जारी होने के अगले छह महीने के भीतर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दो साल में हाईवे को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
बाईपास के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि दिल्ली से कानपुर के बीच आने-जाने वाले भारी और हल्के वाहनों को भी टूंडला व आगरा में मिलने वाले ट्रैफिक से नहीं जूझना पड़ेगा।
वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर से कानपुर, इटावा और प्रयागराज की ओर जाने वाला सारा यातायात इसी मार्ग से होकर गुजरता है। आगरा-टूंडला के व्यस्त चौराहों और घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरने के कारण अक्सर हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। 16 किलोमीटर लंबा बाईपास कुबेरपुर के पास से शुरू होकर टूंडला शहर को बाहर से बाईपास करते हुए आगे मुख्य राजमार्ग से जुड़ेगा।
डीपीआर को अंतिम रूप दिए जाने के बाद केंद्र सरकार से मंजूरी मिलते ही निर्माण संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे से आने वाले भारी कमर्शियल वाहनों का आवागमन आसान हो जाएगा। कुबेरपुर और टूंडला के बीच नए व्यावसायिक अवसर भी पैदा होंगे। - राहुल सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, आगरा संभाग