आगरा। चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए भारी मात्रा में शराब शहर में मंगाई जा रही है। हरीपर्वत पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक में छुपाकर रखी गई तकरीबन छह लाख रुपये की शराब बरामद की है। तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। शराब की सप्लाई करने वाले कमला नगर के युवक समेत चार अन्य लोग फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि इंस्पेक्टर हरीपर्वत हरिमोहन सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि ट्रांसपोर्ट नगर में हरियाणा से लाई गई तस्करी की शराब ट्रक में भरी है। इस पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रकों की चेकिंग की। एक ट्रक से बोरियां और गत्तों के बीच शराब मिल गई। पुलिस ने चमरौला बरहन निवासी प्रदीप कुमार, नाऊ की सराय, खंदौली निवासी रवि परमार, नंदलालपुर खंदौली निवासी विक्रम उर्फ खचेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में 150 पेटी अंग्रेजी शराब और 300 पेटी बीयर बरामद की है।
एसपी सिटी ने बताया कि इस शराब को चुनाव के लिए लाया गया था। इसमें बीयर खासतौर से ऑन डिमांड मंगाई गई थी। उन्होंने बताया कि चमरौला बरहन का धर्मेंद्र उर्फ ध्रुव कुमार गैंग का सरगना है। एजेंटों के माध्यम से शराब को एटा, फीरोजाबाद, मथुरा में सप्लाई किया जाता है। शहर में शराब की तस्करी कमला नगर निवासी महेंद्र सिंह करता है। वह अपनी गाड़ियों से शराब को जिले के ग्रामीण अंचल में भेजने का काम करता है। और नाम भी प्रकाश में आए हैं। तलाश की जा रही है। इस मौके पर एएसपी समीर सौरभ मौजूद थे।
अभी तक पकड़ी गई शराब
चुनाव आचार संहिता लगने के बाद से पुलिस ने तस्करी की शराब पर अंकुश लगाया है। सदर में अभी तक 263 लीटर शराब, ताजगंज में 130 लीटर, रकाबगंज में एक हजार लीटर शराब पकड़ी जा चुकी है। पुलिस ने 200 ग्राम चरस भी बरामद की है।