आगरा। ताजमहल में फोटोग्राफरों को फिर से लाइसेंसी करने की तैयारी है। पर्यटकों से धोखाधड़ी और लगातार दुर्व्यवहार की शिकायतों के बाद एएसआई महानिदेशक स्तर पर लाइसेंस को फिर से लागू करने की कवायद शुरू हो रही है।
विज्ञापन
20 रुपये का टिकट लिया। गले में कैमरा लटकाया और बन गए फोटोग्राफर। प्रोफेशनल हों या नहीं। लपके हों या ड्रापर। एएसआई द्वारा फोटोग्राफरों के लाइसेंस खत्म करने की व्यवस्था का खामियाजा इस तरह से उठाना पड़ा कि विदेशी सैलानियों से धोखाधड़ी और लगातार दुर्व्यवहार की शिकायतें डीजी एएसआई आफिस को मिलती रहीं। ताजमहल संरक्षण सहायक द्वारा साल भर में ही फोटोग्राफरों के 300 से ज्यादा चालान किए गए। एएसआई डीजी ने हाल में ही दिल्ली में आगरा प्रशासन, सर्किल आफिस, पुलिस और पर्यटन अधिकारियों के साथ बैठक में सर्किल कार्यालय से फीड बैक लिया, जिस पर लाइसेंस व्यवस्था को ही बेहतर बताया गया। इसके बाद एएसआई डीजी द्वारा लाइसेंस प्रक्रिया को फिर से शुरू करने पर विचार चल रहा है। क्योंकि बिना लाइसेंस के टिकट लेकर आ रहे फोटोग्राफर पर वह क्या कार्रवाई करे, इसका भी नियम नहीं था।