आगरा। ताजमहल के पीछे महताब बाग के प्रतिबंधित इलाके में कार लेकर घुसे पांच संदिग्ध युवकों को पीएसी ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए युवकों की कार में दो नंबर प्लेट मिली हैं। लैपटॉप समेत अन्य सामान भी मिला है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके पतों पर भी तस्दीक किया जा रहा है।
महताब बाग में 26 जनवरी की शाम तकरीबन सात बजे मारुति सुजुकी कार संख्या एचआर 27 सी-1100 से पांच युवक प्रतिबंधित एरिया में घुस आए। महताब बाग की सुरक्षा में लगे पीएसी के जवानों ने कार को रोक लिया। कार सवार युवकों से पूछताछ की तो वह पीएसी कर्मियों से विवाद करने लगे। इस पर पीएसी ने थाना एत्माद्दौला पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस कार सवार युवकों को थाने ले आई। तलाशी में कार से एक और हरियाणा की नंबर प्लेट मिली। इसके साथ ही कार में लैपटॉप, सीडी, थैले आदि भी मिले। पकड़े गए युवकों ने खुद को हरियाणा के मेवात और पलवल का बताया है। पूछताछ में बताया कि वह यहां घूमने आए थे। लेकिन शाम के वक्त प्रतिबंधित इलाके में क्या करने जा रहे थे, इसका जवाब नहीं दे सके। पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवकों के बारे में हरियाणा से उनके पते तस्दीक किए जा रहे हैं। लैपटॉप आदि की भी चेकिंग की जा रही है।