आगरा। वाणिज्य कर की टीम ने शुक्रवार को शहर की चार फर्मों पर छापा मार कर 10 करोड़ के कारोबार पर कर चोरी पकड़ी है। टीम ने मौके से सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
पिछले कुछ महीनों से वाणिज्य कर की टीम को इंडस्ट्रियल एरिया नुनिहाई और रामबाग स्थित कास्टिंग का कारोबार करने वाली चार फर्मों से बड़े पैमाने पर कर चोरी की शिकायत मिल रही थी। डीएम से अनुमति मिलने के बाद एडिशनल कमिश्नर वीके शुक्ला और आरबी चौधरी के नेतृत्व में 25 अधिकारियों की चार टीमें बनाई गईं। शुक्रवार को टीमों ने चारों फर्मों पर छापा मारकर तकरीबन 10 करोड़ रुपये के कारोबार पर कर चोरी पकड़ी है। टीम को ऐसे अभिलेख मिले हैं, जिनका ब्योरा वाणिज्य कर विभाग में दर्ज नहीं कराया गया है। टीम ने सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। टीम में ज्वाइंट कमिश्नर एके जैन, आरएस कुशवाहा, डीके सचान, पीएन पांडे, एके माहेश्वरी, बीआर सिंह, राजीव कुमार सिंह, राकेश यादव, आरआर गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।