खेरागढ़। ग्रामीणों का सब्र शुक्रवार को जवाब दे गया। उन्होंने विद्युत सब स्टेशन पर ताला जड़ दिया और आपूर्ति ठप करा दी। इसके बावजूद कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने नगला कमाल चौराहे पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर एसडीओ और अवर अभियंता का पुतला फूंका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को जैसे तैसे शांत कराया।
गांव नगला कमाल में तीन माह से विद्युत व्यवस्था भंग है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के एसडीओ और जेई ने तीन माह में चार ट्रांसफार्मर लगवाए, बावजूद इसके 28 गांवों में अंधेरा है। विद्युत विभाग के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सब स्टेशन पर ताला जड़ दिया। एसडीओ और अवर अभियंता के विरोध में नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दरम्यान आक्रोशित ग्रामीणों ने सब स्टेशन से प्रवाहित विद्युत आपूर्ति ठप करा दी। इसके बावजूद कोई भी विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। समस्या का समाधान न हुआ तो अधिकारियों का घेराव कर धरना दिया जाएगा। विरोध जताने वालों में धर्मेंद्र परमार, राजेश गोस्वामी, जितेंद्र परमार, हरीसिंह, राजवीर शर्मा वीरेंद्र सिंह, नहनू धाकरे, अरविंद परमार, ओमवीर, करूआ, मनोज, रमाकांत आदि लोग शामिल थे।