फतेहपुर सीकरी। अजमेर से जियारत कर हजरत शेख सलीम चिश्ती की मजार पर आई जायरीनों की बस सुबह लौटते समय हादसे का शिकार बन गई। ब्रेक फेल होने पर बस ने जायरीनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो जायरीन घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरादाबाद के संभल की बस जायरीनों को लेकर फतेहपुर सीकरी आई थी। बताते हैं कि गुरुवार को सुबह लौटते समय अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू बस को दौड़ते देख वहां ढकेल वालों में भगदड़ मच गई। वहीं, बेकाबू बस कई ठेल-ढकेल को चपेट में लेते हुए रेलिंग से जा टकराई। हादसे में जायरीन गुलाब सिंह और अफसर निवासीगण संभल, मुरादाबाद घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घायल जायरीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, इस दौरान कई ठेल-ढकेल वालों का सामान नष्ट हो गया। जबकि हादसे में बृजलाल समेत दो गार्ड बाल बाल बच गए। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष बारात की बस के ब्रेक फैल हो जाने के कारण हादसे में एक विदेशी पर्यटक की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके एएसआई और पुलिस ने सबक नहीं लिया है। प्रतिबंध के बावजूद रात के समय वाहन बुलंद दरवाजा तक पहुंच जाते हैं।