फतेहपुर सीकरी। सर्दियों की दस्तक के साथ ही देहात इलाकोें में बदमाशों ने वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने मकान में डकैती डाली। इस दौरान महिला तथा उसके बच्चों को बंधक बनाकर 50 हजार कैश तथा दो किग्रा चांदी के आभूषण ले गए। वारदात के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। मामले में थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर इतिश्री कर ली है।
सीकरी के तेहरा दरवाजा निवासी कृपाल सिंह महाराष्ट्र में रहकर फेरी लगाकर मेहंदी लगाता है। जबकि यहां उसकी पत्नी बेबीरानी अपने चार बच्चे आकाश, आरती, अर्चना और विकास के साथ रहती है। बताते हैं कि शुक्रवार की रात बेबी अपने चार बच्चे तथा पड़ोसी की पुत्री सुमन के साथ घर में दूसरी मंजिल पर सो रही थी। इसी दरम्यान आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते उसके घर में प्रवेश कर गए। इस दौरान बदमाशों ने सामान समेटना शुरू कर दिया। खटपट की जगार होने पर बेबी जाग गई। यह देख दो बदमाशों ने बेबी और उसके पुत्र आकाश की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद सभी बच्चों को बंधक बना लिया। जबकि अन्य बदमाशों ने नीचे के कमरे में आकर संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये और दो किग्रा चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। इसके बाद चीखपुकार पर आसपास के लोग पहुंच गए। इसके बाद आकाश ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। तब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और जांच की।
इनसेट बाक्स
हाल ही में छुड़ाए थे गिरवी आभूषण
बेबी रानी ने पुलिस को बताया कि उक्त दो किग्रा चांदी के आभूषण (चार कंदौनी, दो पायजेब, चांदी के सिक्के) उसने साहूकार के पास गिरवी रखे थे, जिन्हें उसके पति ने हाल ही में छुड़वाया था। वहीं करवाचौथ पर उसका पति घर आया था, तब 50 हजार रुपये घर में दे गया था, जिसे बदमाश ले गए।