बाह। दीपावली पर गेंदा के फूलों की बिक्री से बाजार गुलजार रहा। कसबा इलाके में गेंदा के फूल 80 रुपये प्रति किलो तक बिके। वहीं मिष्ठान की दुकानों पर लोगों की भीड़ जमी रही। मिलावटी मिठाई के चलते इस बार ग्राहकों ने बेहद सजगता से इसकी खरीददारी की।
दीपावली पर बटेश्वर, बाह, पिनाहट, जैतपुर, भदरौली, जरार के बाजारों में गेंदा के फूल की कीमत 40 रुपये प्रति किलो से शुरू होकर दोपहर तक 80 रुपये तक पहुंच गई। डिमांड बढ़ने के साथ ही सांझ ढलने तक फूल बाजार साफ हो गए। फूलों के कारोबार से जुड़े राम प्रकाश कुशवाह ने बताया कि इस दिवाली पर फूल की खेती करने वाले किसानों पर लक्ष्मी मेहरबान रही हैं। अब तक हुए सभी घाटे पूरे हो गए हैं। दूसरी तरफ मिलावटी मावा से तैयार मिठाइयां बेचकर मुनाफा कमाने के हलवाइयों के अरमानों पर ग्राहकों ने पानी फेर दिया। इस बार मिठाइयों की खरीदारी यह सुनिश्चित कर की गई कि उसमें कहीं कोई मिलावट तो नहीं। बाह, जरार, भदरौली, जैतपुर में मिठाई 150 रुपये प्रति किग्रा के भाव से उतरकर 125 रुपये प्रति किग्रा पहुंच गई। इससे कई हलवाइयों को बड़ा झटका लगा है।