ये ही तो देश भक्ति है। सरहद पर फौजी देशवासियों की रक्षा कर रहे हैं तो यहां हमें करनी है। हमारा एक यूनिट ब्लड किसी की उखड़ी सांसों को जान दे सकता है। यही जोश और जज्बा आगराइट्स में दिखाई दिया। अमर उजाला के ‘जश्न-ए-आजादी’ के तहत मां तुझे प्रणाम में ‘लहू देश के लिए’ देने वालों की लाइन लगी रही। हर किसी में तन समर्पित मन समर्पित और यह जीवन समर्पित, चाहता हूं देश की धरती तुझे कुछ और भी दूं का जोश और जुनून दिखाई दिया।
आगरा। हर कोई देश भक्ति का जोश और जज्बा दिखाई दे रहा है। रगो में बह रहा देश के लिए खून किसी की जान भी बचा सकता है। इसी सोच के साथ शहरवासियों ने शहर में आठ जगह लगाए गए रक्तदान शिविर में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। ‘अमर उजाला’ और गायत्री डेवलेपवेल द्वारा प्रस्तुत और एनआईआईएल फ्लोरेंस के एसोसिएशन में आयोजित ‘जश्न-ए-आजादी’ कार्यक्रम शृंखला मां तुझे प्रणाम की अगली कड़ी में आठ स्थानों पर लगाए गए रक्तदान शिविर मेंविभिन्न सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यक्ति ने रक्तदान किया।
दीक्षा हाउसिंग आगरा कोल्ड स्टोरेज एसो. इलेक्ट्रानिक मीडिया पार्टनर सी टीवी आउटडोर पार्टनर एलेक्स एडवरटाइजर हास्पिटलिटी पार्टनर होटल ग्रांड इंपीरियल, रेडियो पार्टनर बिग एफएम और इवेंट पार्टनर रावी इवेंट रहे।
ये खून किसी की जिंदगी बचाता है
आगरा। शनिवार को अमर उजाला कार्यालय में देश भक्ति का ज्वार उमड़ा। देश के लिए लहू दान करने वालों की कतार लगी थी। दूसरों की जिंदगी बचाने का जज्बा इतना बड़ा था कि लोग समय से पहले ही पहुंच गए थे।
आगरा एन्क्लेव के नीरज शर्मा और कौशल पुर की श्रीमती उमेश पाठक दोनों ही समय से पूर्व ही पहुंच गए थे। पिछले 15 साल से रक्तदान करते आ रहे नीरज शर्मा दो बार प्लेटलेट्स भी दे चुके हैं। देश के लिए अपना लहू देकर वह गौरवांवित थे। उमेश पाठक का कहना था कि हमारा खून किसी का जीवन बचा सके, इससे अच्छी और क्या बात होगी।
पूर्व कांग्रेस नेता बनवारी लाल, ककरैठा का कहना था कि अमर उजाला से बहुत लगाव है इसलिए रक्तदान करने आया हूं। एमबीए की छात्रा निशि, अंजलि और तनवी, साधना मेहरा, वेक अप आगरा के अध्यक्ष शिशिर भगत, दयालबाग के कृष्ण कुमार आदि ने भाग लिया। एसएन मेडिकल कालेज की डा. स्वर्णिमा, डा. अरुण, डा. सुरेन्द्र की टीम ने रक्तदान कराया।
-डा. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में रक्तदान शिविर में एसएन मेडिकल टीम की टीम ने और इंस्टीट्यूट के सहयोग से कर्मचारियों के सहयोग से अमर उजाला ने नया अध्याय जोड़ दिया।
-लोकहितम ब्लड बैंक और लॉयंस ब्लड बैंक में शहरवासी भारी संख्या में ब्लड देने पहुंचे। लोकहितम ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर की व्यवस्था युवा भक्त सेवा समिति के पदाधिकारियों ने संभाली थी। इसमें समिति के अध्यक्ष जय अग्रवाल, लोकहितम् ब्लड बैंक के डॉयरेक्टर राकेश जैन और महासचिव अखिलेश अग्रवाल का भरपूर सहयोग किया।
-लॉयंस ब्लड बैंक पर लंगड़े की चौकी निवासी किशोर कुमार ने कहा कि यह मेरा पहला मौका है और रक्तदान की शुरुआत एक अच्छे पहल पर हुई। यह मेरे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला जब-जब ऐसा कार्यक्रम करेगा, वे उसमें हिस्सा जरूर लेंगे। इसी तरह धर्मेन्द्र कुशवाह ने 12वीं बार रक्तदान किया।
-एसएन मेडिकल कालेज की टीम द्वारा तीन जगह कैंप लगाया गया। अमर उजाला आफिस के साथ ही एमपीएस और एसएन ब्लड बैंक पर रक्तदान करने के लिए शहरवासी पहुंचे। प्रिंसिपल डा. एनसी प्रजापति ने एसएन की टीम को सराहा।
-जिला अस्पताल ब्लड बैंक में सुबह 10 बजे से पहले ही देश के लिए रक्तदान करने वालों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। देशभक्ति के जोश में भरे हुए शहरवासियों ने अपने खून से चार जान बचाने के लिए रक्तदान किया। इस दौरान एसआईसी डा. एके आर्या, ब्लड बैंक इंचार्ज डा. रिचा गुप्ता सहित टीम ने सहयोग किया। इंडियन सिटीजन काउंसिल के अध्यक्ष सुनील लवानियां, सचिव रवि मल्होत्रा, संत निरंकारी मिशन के सचिन ओबराय, भाविप संस्कृति के उपाध्यक्ष रवि शिवहरे आदि का सहयोग रहा।
एनसीसी कैडेट्स ने किया रक्तदान
एनसीसी कैडेट्स ने माल रोड स्थित एनसीसी हेड क्वार्टर के आफीसर्स मेस में लगे शिविर में रक्तदान किया। कैडेट्स का उत्साह देखने लायक था। कर्नल आरबीएस लांबा, सीओ कर्नल केएच ठाकुर ने रक्तदान शिविर का जायजा लिया। सूबेदार एसके श्रेष्ठा और हवलदार वेदप्रकाश ने व्यवस्था संभाली।