कासगंज। जिले में शनिवार को 15 दिन बाद अच्छी बारिश हुई है। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में नमी बढ़ गई। किसानों को सिंचाई की समस्या से राहत मिल गई। खरीफ की 98 हजार हेक्टेयर फसल को बारिश से संजीवनी मिल गई है।
इस समय खरीफ की फसल का सीजन चल रहा है। जून एवं जुलाई माह में अच्छी बारिश होने से किसान ने धान, मक्का, बाजारा, ज्वार, तिल, उर्द, मूंग, अरहर आदि की फसलों को बो दिया, लेकिन अगस्त माह में बारिश औसत से कम हुई। जिससे फसलों पर असर पड़ने लगा, लेकिन 23 व 24 अगस्त को अच्छी बारिश हो जाने से फसलों को राहत मिल गई। इसके बाद मानसून पूरी तरह से रूठ गया। सितंबर माह भी बारिश का मौसम माना जाता है। 15 सितंबर तक बारिश होती है। इस अबधि में 134 मिमी बारिश का औसत रहता है। इस माह में 4 सितंबर को हल्की बारिश होने के बाद मौसम फिर से तल्ख हो गया। खेतों की नमी सूख गई, जिससे फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई। जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई, लेकिन शनिवार को हुई अच्छी बारिश से फसलें फिर से लहलहाने लगी। फसलों को लहलहाते देख किसान की बांछें खिल गई।